Searching...
Saturday, February 21, 2026

इस वर्ष रेलवे में 11,127 असिस्टेंट लोको पॉयलट की होगी भर्ती, एक सप्ताह के भीतर शुरू होगी प्रक्रिया

रेलवे में नौकरियों की भरमार 

इस वर्ष रेलवे में 11,127 असिस्टेंट लोको पॉयलट की होगी भर्ती, एक सप्ताह के भीतर शुरू होगी प्रक्रिया

बोर्ड की ओर से मंजूरी मिलने पर आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होगी अधिसूचना

प्रयागराज । भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे तकनीकी योग्यता वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने उत्तर मध्य रेलवे समेत देश भर के 17 रेल जोन में वर्ष 2026 के दौरान सहायक लोको पायलट (एएलपी) के रिक्त पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, देशभर के विभिन्न जोनल रेलवे में कुल 11,127 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी करने की मंजूरी दे दी गई है। उत्तर मध्य रेलवे की बात करें तो 457 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया होगी।


रेलवे बोर्ड ने उत्तर मध्य रेलवे समेत सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को पत्र लिखकर पदों का ब्योरा साझा किया है। इसमें बताया गया है कि मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) के माध्यम से रिक्तियों का आकलन करने के बाद सक्षम प्राधिकारी ने इस भर्ती को हरी झंडी दे दी है।

यह भर्ती सेंट्रलाइज्ड एम्प्लॉयमेंट नोटिफिकेशन (सीईएन) के तहत लेवल-2 के पदों पर होगी। जोनल रेलवे वार बात करें तो सर्वाधिक 1625 पदों पर नियुक्ति पूर्वी तटीय रेलवे में की जाएगी। इसके अलावा दक्षिण पूर्व रेलवे में 1531, मध्य रेलवे में 1400, उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे में 1276 पदों पर भर्ती होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के भी 105 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया इसी वर्ष होगी। 

एक सप्ताह के भीतर शुरू होगी प्रक्रिया : रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक शत्रुघ्न बेहेरा द्वारा जारी पत्र में सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया गया है कि वे एक सप्ताह के भीतर भर्ती की प्रक्रिया (फाइनल इंडेंट) पूरी करें। यह भर्ती आरआरबी बंगलूरू के माध्यम से केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना के तहत आयोजित की जाएगी। इसमें आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बोर्ड द्वारा इस संबंध में एक पत्र जारी किया गया है।

आरक्षण का रखा जाएगा खास ख्याल : बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में एससी/एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और अन्य आरक्षित वर्गों के लिए तय मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। इसमें बैकलॉग और वर्तमान रिक्तियों को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही नई नियुक्तियों के आने से उन कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी जो लंबे समय से इंटर-रेलवे ट्रांसफर का इंतजार कर रहे हैं।


रेलवे में लेवल 6 और 7 में नई नौकरियों की आहट, मांगा गया खाली पदों का ब्योरा

प्रयागराज। रेलवे बोर्ड ने उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) सहित सभी जोनल कार्यालयों से लेवल-छह और सात के पदों की विस्तृत जानकारी मांगी है। वर्तमान में इन पदों को सृजित करने का प्रस्ताव वित्त मंत्रालय के पास विचाराधीन है। वहां से उसे जल्द हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। बोर्ड ने सभी जोनल प्रबंधकों को इसी माह अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। 

बोर्ड यह भी जांच रहा है कि वर्तमान में इन स्तरों पर बाहरी एजेंसियों (आउटसोर्सिंग) से क्या काम लिया जा रहा है और क्या उन्हें हटाकर स्थायी नियुक्तियों की आवश्यकता है। साथ ही, पिछले पांच वर्षों में बेड़े में शामिल हुए नए इलेक्ट्रिक इंजनों और विद्युतीय संपत्तियों के डेटा के आधार पर भी नए पदों की संख्या तय की जाएगी। 

 इन प्रमुख पदों पर खुलेंगे भर्ती के द्वार 

 लेवल-छह स्टेशन मास्टर, जूनियर इंजीनियर (जेई), सीनियर ट्रेन मैनेजर, कॉमर्शियल अप्रेंटिस और स्टाफ नर्स।

लेवल-सात सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई), मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई), चीफ ऑफिस सुपरिटेंडेंट और सेक्शन ऑफिसर।

0 comments:

Post a Comment