Searching...
Saturday, November 28, 2026

विसंगतियों की भेंट चढ़ीं भर्तियां, कोर्ट की दहलीज पर अभ्यर्थियों का भविष्य, समीक्षा अधिकारी, पीसीएस व एपीओ के अभ्यर्थियों को आयोग से उम्मीदें

विसंगतियों की भेंट चढ़ीं भर्तियां, कोर्ट की दहलीज पर अभ्यर्थियों का भविष्य, समीक्षा अधिकारी, पीसीएस व एपीओ के अभ्यर्थियों को आयोग से उम्मीदें

प्रयागराज। यूपी लोक सेवा आयोग की कई अहम भर्ती प्रक्रियाएं तो पूरी हुईं, साक्षात्कार भी हुए, लेकिन विसंगतियों के चलते मामला कोर्ट पहुंच गया। वर्ष 2023 की समीक्षा अधिकारी (आरओ) भर्ती के लिए परीक्षा तो कराई गई, लेकिन आरक्षण नियमों में विसंगतियों का हवाला देकर कुछ अभ्यर्थी कोर्ट चले गए।


ऐसे में नियुक्ति पर रोक लग गई। तीन वर्ष बीत गए हैं, लेकिन समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी के अभ्यर्थी अभी भी इंतजार में हैं। इसी तरह आयोग की पीसीएस 2024 की भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठे हैं। मामला कोर्ट पहुंचा तो नियुक्ति पर रोक लग गई।

इसी क्रम में दो दिन पहले ही इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एपीओ 2025 के प्रारंभिक परीक्षा परिणाम को रद्द कर दिया। शुक्रवार को पीसीएस-2025 प्री परीक्षा परिणाम को भी निरस्त (रिवाइज) करते हुए नए सिरे से जारी करने का आदेश दिया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग की हीलाहवाली के चलते कई महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रियाएं लंबित हैं। प्रतियोगी छात्र दिन-रात परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन किसी न किसी विसंगति के चलते भर्ती पर ही रोक लग जाती है।

प्रतियोगी छात्रों के नेता आशुतोष पांडेय का कहना है कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से पहले विधिवत तैयारी करनी होगी। ताकि किसी भी स्तर पर कोई त्रुटि न हो। कहीं न कहीं इसके लिए आयोग और सरकार जिम्मेदार हैं। आयोग की लापरवाही की वजह से प्रतियोगी छात्र मेहनत करके नौकरी हासिल करने के करीब पहुंचते हैं और फिर उन्हें शून्य पर लाकर खड़ा कर दिया जाता है।

बता दें कि आयोग के अध्यक्ष रहे संजय श्रीनेत 21 नवंबर को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ये सभी भर्तियां उन्हीं के कार्यकाल की हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद आईपीएस आलोक सिंह को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, लेकिन उन्होंने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने तक वरिष्ठतम सदस्य डॉ. एके वर्मा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है। नवनियुक्त अध्यक्ष के आने के बाद ही इस दिशा में कोई निर्णय लिया जा सकता है।

0 comments:

Post a Comment