Searching...
Friday, November 27, 2026

यूपीपीसीएस-2025 प्री के नतीजे निरस्त, मेंस व साक्षात्कार दोबारा, नए सिरे से जारी होगी प्री की सूची, श्रेणीवार प्राप्तांकों का ब्योरा तलब

यूपीपीसीएस-2025 प्री के नतीजे निरस्त, मेंस व साक्षात्कार दोबारा, नए सिरे से जारी होगी प्री की सूची, श्रेणीवार प्राप्तांकों का ब्योरा तलब

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने - उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को पीसीएस-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम नए सिरे से घोषित करने का निर्देश दिया है। अदालत ने आरक्षण और मेरिट - के आधार पर संशोधित मेरिट सूची तैयार करने को कहा है।

जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने आयोग से श्रेणीवार चयनित अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों का ब्योरा भी मांगा है। प्री के संशोधित । श्रेणीवार नतीजों के आधार पर अब मुख्य परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी। इसके परिणाम के आधार पर अभ्यर्थियों को नए सिरे से साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।


जस्टिस निगम ने कहा, अनारक्षित श्रेणी को सिर्फ उन अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं किया जा सकता, जिन्होंने किसी आरक्षण का लाभ नहीं लिया है।

आरक्षित वर्ग के वे अभ्यर्थी, जिन्होंने अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन्हें भी मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी में शामिल करना होगा। ऐसा नहीं करना आयोग की बड़ी चूक थी। संजय कुमार और तीन अन्य अभ्यर्थियों की याचिका पर अदालत ने 28 सितंबर को फैसला सुरक्षित रखा था।

आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि अधिक अंक पाने के बावजूद उन्हें अनारक्षित श्रेणी में चयन का लाभ नहीं दिया गया। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि अनारक्षित श्रेणी किसी एक वर्ग के लिए नहीं है। इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर मौका मिलना चाहिए।

क्या है मामला
आयोग ने 20 फरवरी, 2025 को परीक्षा का विज्ञापन जारी किया था। 12 अक्तूबर, 2025 को प्रारंभिक परीक्षा में 2,65,270 परीक्षा में बैठे।

920 पदों पर होनी है भर्ती
मुख्य परीक्षा के लिए 11,727 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। 920 पदों के लिए 28 सितंबर से 24 अक्तूबर 2026 तक हुए साक्षात्कार के लिए करीब 3300 अभ्यर्थी बुलाए गए थे।


समान अवसर के अधिकार का उल्लंघन
अधिवक्ता दुर्गा शंकर शुक्ल ने कहा, अदालत ने माना कि अनारक्षित श्रेणी सभी के लिए है। ऐसे में अधिक अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित श्रेणी में समायोजित करने की प्रक्रिया परीक्षा के हर चरण में अपनाई जानी चाहिए। ऐसा नहीं करना संविधान के अनुच्छेद 14 व 16 में दिए गए समानता के सिद्धांत के विपरीत है।

बड़ी पीठ के पास जाएगा आयोग
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग अब एकल पीठ के आदेश को चुनौती देने की तैयारी में है। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने कहा, आदेश की समीक्षा के बाद डबल बेंच में अपील के लिए शासन से अनुमति लेंगे। मुख्य परीक्षा व साक्षात्कार नए सिरे से कराना आसान नहीं होगा।

0 comments:

Post a Comment