Searching...
Monday, November 23, 2026

प्रधानाचार्य भर्ती में एलटी योग्यता हटाने पर सरकार से मांगा जवाब, हाईकोर्ट ने पूछा नियमावली में संशोधन की क्या थी जरूरत?

प्रधानाचार्य भर्ती में एलटी योग्यता हटाने पर सरकार से मांगा जवाब, हाईकोर्ट ने पूछा नियमावली में संशोधन की क्या थी जरूरत? 


प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने माध्यमिक विद्यालयों में इंटरमीडिएट स्तर के प्रधानाचार्य पद पर भर्ती के लिए एलटी (प्रशिक्षित स्नातक) की अनिवार्य योग्यता समाप्त करने के फैसले पर राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। कोर्ट ने सरकार से पूछा है कि नियमावली में यह संशोधन करना क्यों आवश्यक और अपरिहार्य था। यह आदेश न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा और न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह की खंडपीठ ने प्रयागराज के डॉ. शिवदत्त मिश्रा व 16 अन्य की याचिका पर दिया है।


 याचियों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने दलील दी कि सात सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना को 12 सितंबर को राजपत्र में प्रकाशित किया गया। इसके जरिये प्रधानाचार्य (इंटरमीडिएट स्तर) की भर्ती के लिए निर्धारित अनिवार्य अर्हताओं में संशोधन कर एलटी की योग्यता हटा दी गई। यह संशोधन वैधानिक क्षेत्राधिकार के दायरे से बाहर किया गया है। 

कोर्ट ने राज्य सरकार को जवाबी हलफनामा तलब किया है। कोर्ट ने पक्षकारों का ध्यान उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा अधिनियम की धारा 9 (5) की ओर भी आकर्षित किया। इसमें धारा 9 (4) के तहत राज्य सरकार की ओर से की गई कार्रवाई को चुनौती देने पर रोक का प्रावधान है। मामले की अगली सुनवाई सात दिसंबर को होगी।

0 comments:

Post a Comment