Searching...
Thursday, November 26, 2026

आइपीएस आलोक सिंह बने उप्र लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष

आइपीएस आलोक सिंह बने उप्र लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष

डीजी (पीएसी-एसएसएफ) के पद पर हैं तैनात, 23 जनवरी 2029 तक कार्यकाल

लखनऊ : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), प्रयागराज को नया अध्यक्ष मिल गया है। शासन ने 1995 बैच के वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी आलोक सिंह को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक रहे सुनील चौधरी को सदस्य नियुक्त किया गया है। 

आलोक सिंह से पहले आयोग के अध्यक्ष रहे संजय श्रीनेत 21 नवंबर को 62 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुए थे। 24 जनवरी 1967 को जन्मे आलोक सिंह मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले हैं। उन्होंने भौतिक विज्ञान और गणित विषयों के साथ बीएससी, अर्थशास्त्र में परास्नातक तथा विपणन एवं वित्त में एमबीए की पढ़ाई की है।

चार सितंबर 1995 को भारतीय पुलिस सेवा में आने के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं। सोनभद्र में नक्सलवाद के प्रभाव को समाप्त करने के लिए चलाए गए अभियान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। नक्सलियों के नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए उन्हें राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक, उत्कृष्ट सेवा पदक और पुलिस महानिदेशक की ओर से विभिन्न प्रशस्ति चिह्न भी मिल चुके हैं। एक मई, 2026 को उन्हें डीजी पद पर प्रोन्नति मिली। 

वर्तमान में वह डीजी (पीएसी मुख्यालय और एसएसएफ) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 23 जनवरी 2029 तक उनका कार्यकाल रहेगा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक और पर्यावरण जलवायु परिवर्तन विभाग में विभागाध्यक्ष रहे सुनील चौधरी को सदस्य नियुक्त किया गया है। इनका कार्यकाल पांच अप्रैल 2029 तक रहेगा।


0 comments:

Post a Comment