भारतीय तटरक्षक में 365 पदों पर होगी भर्ती
सीजीईपीटी के दोनों बैच में नाविक, यांत्रिक और हाइजीनिस्ट के पद शामिल
प्रयागराज। भारतीय तटरक्षक ने कोस्ट गार्ड इनरोल्ड पर्सनल टेस्ट (सीजीईपीटी) बैच 01/2027 और 02/2027 के लिए भर्ती नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके तहत नाविक (जनरल ड्यूटी), नाविक (डोमेस्टिक ब्रांच), यांत्रिक और हाइजीनिस्ट-एक के कुल 365 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी 21 अक्तूबर की शाम 5:30 बजे तक कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के पोर्टल से आवेदन कर सकते हैं। नाविक (जनरल ड्यूटी) पद के - लिए 12वीं में गणित और भौतिकी विषय से उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। नाविक (डोमेस्टिक ब्रांच) के लिए 10वीं पास अभ्यर्थी पात्र हैं।
हाइजीनिस्ट-1 पद के लिए मैट्रिकुलेशन के साथ आईटीआई या समकक्ष योग्यता मांगी गई है। यांत्रिक पद के लिए 10वीं के साथ मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स टेलीकम्युनिकेशन (रेडियो व या पावर) इंजीनियरिंग में एआईसीटीई से मान्य डिप्लोमा होना चाहिए।
पदों का विवरण : पहले बैच में कुल 190 पद हैं, जिनमें नाविक जीडी के 130 पद (पुरुष 117, महिला 13) शामिल हैं। यांत्रिक के तीन ट्रेड में 60 पद हैं, जिनमें मैकेनिकल के 28, इलेक्ट्रिकल के 23 और इलेक्ट्रॉनिक्स के नौ पद हैं। दूसरे बैच में 175 पद हैं, जिनमें नाविक जीडी के 130, नाविक डीबी के 25 और हाइजीनिस्ट-1 के 20 पद हैं। दोनों बैचों को मिलाकर कुल 365 पदों पर चयन किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया और जोनवार भर्ती
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 40 अंक, जबकि एससी और एसटी अभ्यर्थियों को न्यूनतम 35 अंक प्राप्त करना जरूरी होगा। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी), असेसमेंट, एडाप्टेबिलिटी टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा से गुजरना होगा। नाविक जीडी में पुरुष अभ्यर्थियों का चयन जोनवार होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश नार्थ जोन में शामिल है। महिला नाविक जीडी, यांत्रिक, नाविक डीबी और हाइजीनिस्ट-1 के पदों पर चयन अखिल भारतीय स्तर पर किया जाएगा।
0 comments:
Post a Comment