पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से होगी 45 हजार होमगार्डों की भर्ती, शासनादेश जारी
लखनऊ : प्रदेश में 45 हजार से अधिक होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। इनकी भर्ती सिपाही भर्ती की तर्ज पर होगी। निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती के लिए उप्र पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जिलेवार होमगार्ड स्वयंसेवकों के रिक्त पदों के अनुरूप आवेदकों का आनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। शासन ने इसके लिए उप्र राज्य होमगार्ड एनरोलमेंट मार्गदर्शिका जारी कर दी है।
शासनादेश के अनुसार सभी जिलों में होमगार्ड के रिक्त पदों पर पंजीकरण की कार्यवाही पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा की जाएगी। होमगार्ड स्वयंसेवकों का पंजीकरण उनके निवास के जिलों में उत्पन्न रिक्तियों के अनुसार होमगार्ड विभाग द्वारा भेजे जाने वाले अधियाचन के अनुरूप होगा। पंजीकरण वर्ष एक जुलाई से प्रारंभ होगा। जिलेवार रिक्तियों की जानकारी होमगार्ड जिला कमांडेंट देंगे।
वर्ष के दौरान भरी जाने वाले रिक्तियों की संख्या, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षित की जाने वाली रिक्तियों की संख्या की पूरी जानकारी डीजी होमगार्ड को भेजी जाएगी। पुरुष व महिला के लिए रिक्तियों की अलग-अलग संख्या भी स्पष्ट की जाएगी। आरक्षण की गणना उपलब्ध रिक्तियों के अनुरूप होगी। होमगार्ड पंजीकरण के लिए डीजी होमगार्ड जिलेवार रिक्तयों की सूचना आरक्षण की गणना के बाद निर्धारित प्रारूप में पुलिस भर्ती बोर्ड को भेजेंगे।







0 comments:
Post a Comment