E–Adhiyachan: ई-अधियाचन पोर्टल जल्द तैयार होने की उम्मीद, उच्च और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अनुरूप NIC तैयार कर रहा पोर्टल
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की बैठक में फाइनल हो चुका है प्रारूप
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग में भले ही पूर्णकालिक अध्यक्ष वर्तमान में नहीं हैं, लेकिन अध्यक्ष के चयन से पूर्व आयोग ई-अधियाचन पोर्टल तैयार कराने में लगा है। माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधियाचन का प्रारूप आयोग की पूर्व में हुई बैठक में फाइनल हो चुका है, जिसके अनुरूप एनआइसी पोर्टल तैयार कर रहा है। इसके अलावा अन्य विभागों में भर्ती को लेकर अभी नियमावली तैयार हो रही है। ई-अधियाचन पोर्टल तैयार होने पर नई शिक्षक भर्ती के लिए इसी पर अधियाचन लिया जाएगा।
नए अध्यक्ष के लिए पुरानी शिक्षक भर्तियां पूर्ण कराने के साथ नई शिक्षक भर्ती का विज्ञापन देना प्राथमिकता होगी। वर्तमान में पूर्णकालिक अध्यक्ष नहीं होने के कारण शिक्षक भर्ती के संबंध में कोई निर्णय नहीं हो पा रहा है। वर्ष 2023 में गठित हुए इस आयोग को क्रियाशील हुए भी करीब पौने दो वर्ष हो रहे हैं, लेकिन शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे प्रतियोगी अब तक भर्ती आने की प्रतीक्षा में ही हैं। ऐसे में आयोग इस तैयारी में है अध्यक्ष नियुक्त होने के पूर्व पोर्टल तैयार हो जाए, ताकि आयोग की बैठक में निर्णय होने पर शिक्षक भर्ती के लिए अधियाचन प्राप्त करने में विलंब न हो।
अधियाचन को लेकर संबंधित विभागों के प्रमुखों के साथ आयोग की करीब दर्जन भर बार बैठक हो चुकी है। इस क्रम में एडेड माध्यमिक एवं एडेड महाविद्यालयों में शिक्षकों के करीब 24,000 रिक्त पदों का विवरण माध्यमिक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग ने लगभग तैयार कर लिया है। ई-अधियाचन पोर्टल तैयार होने पर आयोग के निर्णय के क्रम में दोनों विभागों की ओर से ई-अधियाचन भेज दिया जाएगा। ई-अधियाचन पोर्टल को लेकर करीब 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उम्मीद है कि अधियाचन के लिए पोर्टल जल्द तैयार हो जाएगा।
0 comments:
Post a Comment