Searching...
Wednesday, June 15, 2016

सरकारी इंटर कॉलेजों में शिक्षक भर्ती के लिए दस हजार बीएड डिग्री धारकों को मिलेगा मौका

बीएड धारकों को जल्द नौकरी का एक मौका और मिलेगा। सरकारी इंटर कालेजों में 10 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्तियां जल्द करने की तैयारी है। विभाग को एलटी ग्रेड सेवा नियमावली में संशोधन का इंतजार है। अभी तक एलटी ग्रेड में मंडलवार नियुक्तियां होती हैं लेकिन अब राज्य स्तर पर भर्ती करने की योजना है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।

सरकारी इंटर कॉलेजों में शिक्षकों के 1954 पद खाली हैं। वहीं राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत मिले स्कूलों में 4659 पद खाली हैं। इसके अलावा पिछले दो सालों से ज्यादा समय से चल रही पौने सात हजार शिक्षक भर्ती में भी अभी 4 हजार पद खाली हैं। लिहाजा इन सभी पदों पर अब एक साथ भर्तियां की जाएंगी। अभी तक एलटी ग्रेड में मंडल स्तर पर विज्ञापन निकाल कर आवेदन लिए जाते रहे हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में काफी समय लगता है क्योंकि एक आवेदक हर मंडल में आवेदन करता है और एक जगह नियुक्ति होने पर बाकी मंडलों में उसकी जगह खाली हो जाती है। ये प्रक्रिया काफी लंबी होती है। वहीं फर्जी अंकपत्रों के सहारे नियुक्ति लेने वाले अभ्यर्थियों को बाहर करने से भी रिक्तियों की संख्या घटती- बढ़ती रहती है। अब इसे प्रदेश स्तर पर करने की योजना है। संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद भर्तियां शुरू की जाएंगी।

बढ़ सकते हैं पद:
राजकीय इंटर कॉलेजों में अब प्रवक्ता पद पर पदोन्नति लोक सेवा आयोग के माध्यम से होगी। प्रवक्ता पद पर अभी तक विभागीय स्तर पर पदोन्नति होती थी। इसी महीने प्रवक्ता के पद पर पदोन्नतियां होनी हैं। पदोन्नतियों के बाद एलटी ग्रेड यानी सहायक अध्यापकों के पद रिक्त होंगे यानी रिक्तियों की संख्या 10 हजार से बढ़ सकती है।

1 comments:

  1. भर्ती मेरिट से होने से अच्छा न हो।

    ReplyDelete