Searching...
Thursday, October 18, 2018

प्रदेश में 56880 पदों पर होंगी भर्तियाँ, सिपाही के 51216 पद समेत फायरमैन और बंदीरक्षक के हैं पद

प्रदेश में 56880 पदों पर होंगी भर्तियां


सिपाही के 51216 समेत फायरमैन और बंदीरक्षक के हैं पद


राज्य ब्यूरो, लखनऊ : पुलिस में भर्ती होने का सपने संजोये युवाओं के लिए अपने जूतों के फीते कसने का समय आ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजय दशमी के मौके पर पुलिस में बंपर भर्ती का रास्ता खोला है। शासन ने गुरुवार को 56880 पदों पर भर्ती कराये जाने की घोषणा की है, जिसमें सिपाही के 51216 पद शामिल हैं। इसके अलावा फायरमैन, बंदीरक्षक व घुड़सवार पुलिस के पदों पर भी भर्तियां होंगी। सिपाही भर्ती का आवेदन एक नवंबर से किया जा सकेगा और जनवरी माह में लिखित परीक्षा होगी। प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने प्रेसवार्ता कर सभी पदों पर भर्ती का कार्यक्रम घोषित किया है। वर्तमान में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर करीब 42 प्रतिशत रिक्तियां हैं। नई भर्तियों के बाद यूपी पुलिस में अवकाश व लंबी ड्यूटी की समस्या निपटने की उम्मीद जताई जा रही है

प्रमुख सचिव गृह ने बताया कि भर्ती में कोई साक्षात्कार नहीं होगा। आरक्षण के सभी नियम लागू होंगे। पुलिस विभाग में सिविल पुलिस व पीएसी में कुल स्वीकृत दो लाख 29 हजार से अधिक पदों में करीब 97 हजार पद रिक्त हैं। मुख्यमंत्री के सिपाहियों की कमी को जल्द पूरा किये जाने के निर्देश पर 51216 पुलिस आरक्षियों की जल्द नई भर्ती का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत 32 हजार पदों पर सिविल पुलिस के आरक्षियों तथा 19216 पदों पर पीएसी आरक्षियों की नई भर्ती की जायेगी। ऐसे ही फायरमैन के कुल स्वीकृत 5040 पदों में 1924 पद रिक्त हैं। इनमें 1679 पदों पर भर्ती का अधियाचन उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को भेजा जा चुका है। शेष पदों का अधियाचन जल्द भेजा जायेगा और फायरमैन के 1924 पदों की भर्ती परीक्षा करायी जायेगी। वहीं कारागार प्रशासन में बंदी रक्षकों के कुल स्वीकृत पदों के अनुरूप करीब 50 प्रतिशत की रिक्तता चली आ रही है। बंदी रक्षकों के 3638 पदों पर भर्ती होगी, जिनमें महिला बंदी रक्षक के 626 पद शामिल होंगे। इसके अलावा घुड़सवार पुलिस के 102 पदों पर भर्ती होगी।’ पहली नवंबर से कर सकेंगे आवेदन, जनवरी में होंगी लिखित परीक्षा

भर्ती में नहीं होगा साक्षात्कार, आरक्षण के सभी नियम होंगे लागूपुलिस विभाग में होने वाली भर्ती की जानकारी देते अपर मुख्य सचिव गृह अरविंद कुमार

25 व 26 को 16 जिलों में होगी सिपाही भर्ती परीक्षा

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : सिपाही नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला) तथा आरक्षी पीएसी के पदों पर सीधी भर्ती-2018 की द्वितीय पाली की परीक्षा 25 व 26 अक्टूबर को 16 जिलों में एसटीएफ के कड़े पहरे में होगी। प्रमुख सचिव गृह ने बताया कि 25 को एक पाली में तथा 26 को दो पालियों में परीक्षा होगी। हर पाली में 3.25 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। 482 परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त होंगे। 15 दिसंबर तक परिणाम घोषित कर दिया जायेगा।


भर्ती होने वाली तारीखें


सिपाही भर्ती : एक नवंबर से 30 दिसंबर, 2018 के मध्य अभ्यर्थी कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन। चार और पांच जनवरी, 2019 को दो-दो पालियों होगी लिखित परीक्षा। परिणाम जून, 2019 के तीसरे सप्ताह तक घोषित होगा। 



फायरमैन भर्ती : पांच नवंबर से चार दिसंबर, 2018 के बीच होगा ऑनलाइन आवेदन। 10 जनवरी, 2019 को होगी परीक्षा। जुलाई, 2019 में आयेगा परिणाम।



बंदी रक्षक भर्ती : पांच नवंबर से चार दिसंबर, 2018 के मध्य ऑनलाइन आवेदन। आठ व नौ जनवरी, 2019 को होगी परीक्षा। जुलाई, 2019 में आयेगा परिणाम। इसी परीक्षा के साथ घुड़सवार पुलिस की भी होगी परीक्षा। 


6400 महिलाओं के लिए मौका : 32 हजार पदों पर सिविल पुलिस के आरक्षियों की परीक्षा में 20 प्रतिशत पद महिला आरक्षियों के लिए आरक्षित होंगे। इसके अनुरूप 6400 महिलाओं के लिए पुलिस में भर्ती होने का मौका है।



मिलेगी आयु सीमा में छूट : पिछली अंतिम पुलिस भर्ती के दौरान पात्र अभ्यर्थियों को नई भर्ती में आयु सीमा में छूट भी मिलेगी। प्रमुख सचिव गृह के अनुसार वर्ष 2018 में अर्हता से बाहर हो गए अभ्यर्थियों को एक अवसर मिलेगा। नियमावली के अनुसार भर्ती के लिये जो अर्हताएं होंगी, उनमें एक जुलाई 2018 को अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष से कम नहीं और 22 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिये लेकिन, वर्ष 2017 में उच्चतम न्यायालय में किये गए वादे के अनुसार उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड एक जुलाई, 2017 को अर्हता से बाहर हो गए अभ्यर्थियों को भी मौका देगा। सरकार ने वर्ष 2017 में न्यायालय में हर वर्ष 30 हजार सिपाहियों की भर्ती किये जाने की बात कही थी लेकिन, वर्ष 2017 में कोई भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई थी। ऐसी स्थिति में जो अभ्यर्थी वर्ष 2017 में अर्हता पूरी कर रहे थे और वर्ष 2018 में अर्हता से बाहर हो रहे हैं, उन्हें दोबारा मौका दिया जायेगा।


0 comments:

Post a Comment