Searching...
Wednesday, September 19, 2018

आंगनबाड़ी : 31 हजार पदों पर भर्तियां होंगी जल्द, डीएम की अध्यक्षता में समिति करेगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का चयन

31 हजार पदों पर भर्तियां जल्द होंगी

डीएम की अध्यक्षता में समिति करेगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का चयन
जागरण विशेष

शोभित श्रीवास्तव ’ लखनऊ : प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के करीब 31 हजार रिक्त पदों पर भर्तियां करने जा रही है। यह भर्तियां 10 साल बाद होने जा रही हैं। इसमें जिलेवार डीएम की अध्यक्षता में समिति आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन करेंगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी इनके नियुक्ति अधिकारी होंगे।

बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार के निदेशक ने सरकार के पास रिक्त पदों पर भर्ती का विस्तृत प्रस्ताव भेज दिया है। सरकार ने भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है। शीघ्र ही इसके विज्ञापन जारी किए जाएंगे। इससे पहले वर्ष 2008-09 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्तियां हुईं थीं। तब से कई बार नियुक्तियों की कोशिश हुई लेकिन कानूनी दांव-पेंच में मामला उलझ गया। 1आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति का अधिकार बाल विकास परियोजना अधिकारियों के पास था लेकिन, बाद में सरकार ने इसमें संशोधन कर जिला कार्यक्रम अधिकारियों को यह अधिकार दे दिया। इसी मामले को लेकर सीडीपीओ संघ ने हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक में लड़ाई लड़ी। पिछले दिनों हाईकोर्ट में हुई सुनवाई में यह बात साफ हो गई कि नियुक्ति को लेकर कोई स्थगनादेश नहीं है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए सरकार भी अब नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने जा रही है। जल्द ही सरकार इसकी घोषणा करेगी। इसमें नियुक्ति मेरिट के आधार पर होगी। इस पद के लिए न्यूनतम शैक्षिक अर्हता हाईस्कूल है। सरकार इन भर्तियों में आरक्षण भी लागू करेगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वर्तमान में चार हजार, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन हजार व सहायिकाओं को दो हजार रुपये मिलते हैं। प्रधानमंत्री ने इनका मानदेय 50 फीसद बढ़ाने की घोषणा की है। साथ ही प्रदेश सरकार भी इनका मानदेय बढ़ाने जा रही है। ऐसे में इनका मानदेय लगभग दोगुना होने की उम्मीद है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्तीआंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं की भर्ती में कोई विधिक पेच नहीं है। शीघ्र ही भर्तियां की जाएंगी। रिक्त पदों पर नियुक्तियां होने से आंगनबाड़ी केंद्रों में योजनाएं और अच्छे से संचालित हो सकेंगी।

मोनिका एस. गर्ग, प्रमुख सचिव, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार

किसके कितने पद हैं रिक्त

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-9513

मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-5033

आंगनबाड़ी सहायिका-16432

कुल-30978

0 comments:

Post a Comment